राजस्थान के जनजाति क्षेत्रीय विकास (TAD) और जिले के प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने सोमवार को सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा और सांसद राजकुमार रोत पर तीखा हमला बोला. केंद्रीय बजट पर चर्चा के बहाने मंत्री खराड़ी ने विपक्ष के आरोपों का करारा जवाब देते हुए व्यक्तिगत टिप्पणियों और भ्रष्टाचार के दावों से सियासत गरमा दी.
गणेश घोघरा को खुली चुनौती:
विधानसभा में विधायक गणेश घोघरा द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर पलटवार करते हुए मंत्री खराड़ी ने बेहद तल्ख तेवर दिखाए. उन्होंने कहा, “अगर गणेश घोघरा एक बाप की औलाद है, तो मुझ पर एक रुपये का भी भ्रष्टाचार साबित करके दिखाए. अगर आरोप सही निकले तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा, अन्यथा वह खुद इसके लिए तैयार रहें.” मंत्री ने घोघरा पर गुंडागर्दी और अधिकारियों से बदसलूकी का आरोप लगाते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि का ऐसा स्वभाव अशोभनीय है.
जमीन घोटाले और ‘अवैध’ आवास का खुलासा
मंत्री ने घोघरा के खिलाफ जमीन घोटाले की दो FIR की प्रतियां दिखाते हुए कहा कि उनके खिलाफ 2022 और 2024 में मामले दर्ज हैं. साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक पंचायत समिति के क्वार्टर नंबर 9 में बिना किराया और बिजली बिल चुकाए अवैध रूप से रह रहे हैं. उन्होंने मनरेगा में भी बड़ी गड़बड़ियों के संकेत देते हुए जांच की बात कही.
सांसद राजकुमार रोत पर सवाल:
सांसद राजकुमार रोत को आड़े हाथों लेते हुए मंत्री ने पूछा, “रोत बताएं कि उन्होंने कौन से खेत में नोटों की खेती की, जो मात्र 5 साल में करोड़पति बन गए?” उन्होंने भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक जयकृष्ण पटेल पर प्रश्न लगाने के बदले 10 करोड़ की मांग करने और रिश्वत के आरोपों का जिक्र करते हुए इसे ‘लूट की दुकान’ करार दिया.
केंद्रीय बजट को बताया ऐतिहासिक
इससे पूर्व, मंत्री खराड़ी ने केंद्रीय बजट की प्रशंसा करते हुए इसे गरीब, किसान, महिला और युवाओं के लिए हितकारी बताया. उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने वाला है.

