Headlines

कार में लगी भीषण आग, जिंदा जलने से मुंबई के हार्डवेयर कारोबारी की दर्दनाक मौत

राजस्थान के डूंगरपुर जिले के निठाउवा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है. यहाँ एक चलती कार में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिसमें फंसकर मुंबई के एक हार्डवेयर व्यापारी की जिंदा जलने से मौत हो गई. घटना इतनी अचानक हुई कि मृतक को कार से बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला.

पांच दिन पहले ही मुंबई से गांव आए थे किशोर जैन

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान किशोर जैन (पुत्र बसंत लाल जैन) के रूप में हुई है. किशोर पिछले कई वर्षों से मुंबई में रहकर हार्डवेयर का कारोबार कर रहे थे. वे महज पांच दिन पहले ही मुंबई से अपने पैतृक गांव निठाउवा में छोटे भाई पंकज जैन के पास रहने आए थे.

बैंक जाने के लिए निकले थे, रास्ते में काल बनी कार

बुधवार सुबह किशोर अपने भाई की अल्टो कार लेकर बैंक के काम से कनोडिया जाने के लिए निकले थे. रास्ते में कनोडिया के पास ‘विरुला फला’ के जंगली इलाके में अचानक कार के इलेक्ट्रिक सिस्टम में शॉर्ट सर्किट हो गया. देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई.

दम घुटने और गेट जाम होने से नहीं बच सकी जान

निठाउवा थानाधिकारी घनश्याम कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि शॉर्ट सर्किट के कारण कार के भीतर तेजी से धुआं फैल गया और सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम फेल होने की वजह से दरवाजे जाम हो गए. किशोर जैन ने बाहर निकलने की कोशिश की होगी, लेकिन दम घुटने और आग की लपटों के कारण वे सफल नहीं हो पाए.

ग्रामीणों ने की बचाने की कोशिश, पुलिस और FSL टीम मौके पर

जंगल में मवेशी चरा रहे ग्रामीणों ने जब कार से उठती लपटें देखीं, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे. लेकिन आग इतनी विकराल थी कि कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका. सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे. पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (Forensic Science Laboratory) की टीम को बुलाया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि आग लगने के असल तकनीकी कारण क्या थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *