डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है. हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक महेश रोत की गुजरात के मोडासा स्थित अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई. महेश की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
तहसील कार्यालय के पास हुई थी भिड़ंत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा धंबोला ग्राम पंचायत स्थित तहसील कार्यालय के समीप गुरुवार शाम को हुआ था. यहाँ एक तेज रफ्तार क्रूज़र जीप और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और लहुलुहान हो गए .गीरों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
उपचार के दौरान महेश ने हारा जिंदगी की जंग
धंबोला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों घायलों को तत्काल सीमलवाड़ा अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें उच्च केंद्रों के लिए रेफर कर दिया। घायलों में शामिल महेश (पुत्र अमरा रोत) निवासी नागरिया पंचेला को बेहतर इलाज के लिए गुजरात के मोडासा ले जाया गया था, लेकिन वहां उसने दम तोड़ दिया. हादसे में घायल अन्य दो युवक, राजू (निवासी नागरिया पंचेला) और विशाल सरपोटा (निवासी बांसवाड़ा) का अभी भी अस्पताल में उपचार जारी है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
महेश की असामयिक मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. मृतक महेश अपने पीछे दो छोटे बेटों को छोड़ गया है. पिता की मौत के बाद इन मासूमों के सिर से साया उठ गया है, जिससे पूरे गांव की आंखें नम हैं.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. यह हादसा एक बार फिर सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरों को बयां कर रहा है.

