डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. रामसौर तालाब के पास मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 13 वर्षीय मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
गलत साइड से आए ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
दोवड़ा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खलील निवासी राजू मीणा (35) अपने पुत्र निलेश मीणा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बनकोड़ा से अपने घर लौट रहे थे. चश्मदीदों और पुलिस के मुताबिक, राजू मीणा अपनी साइड में बेहद धीमी और नियंत्रित गति से बाइक चला रहे थे.
तभी सामने से एक बिना नंबर का नया ट्रैक्टर बेहद तेज रफ्तार में आया। ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही बरतते हुए वाहन को गलत साइड (Wrong Side) में डाल दिया और सामने से आ रही बाइक को सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पिता-पुत्र सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल पहुँचने पर पिता को घोषित किया मृत
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी गई. एंबुलेंस की सहायता से दोनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल डूंगरपुर पहुंचाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद राजू मीणा को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक रक्तस्राव और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण राजू ने दम तोड़ दिया. वहीं, 13 वर्षीय निलेश मीणा की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में इलाज जारी है.
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मृतक राजू के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी (शवगृह) में रखवाया है. परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस टीम अब फरार ड्राइवर और बिना नंबर के ट्रैक्टर की पहचान करने में जुटी है.

