डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के बुएला गांव में एक 17 वर्षीय छात्र द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का दुखद मामला सामने आया है. 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र का शव घर से कुछ ही दूरी पर एक पेड़ से लटका हुआ मिला।.परिजनों के अनुसार, किशोर पिछले तीन दिनों से गहरे अवसाद (डिप्रेशन) में था.
परिजनों ने बताया- गुमसुम रहता था विनेश
मृतक के पिता सोमा पुत्र काला कलासुआ मीणा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका छोटा बेटा विनेश (17) पिछले तीन दिनों से काफी परेशान और मानसिक तनाव में था. वह किसी से बात नहीं कर रहा था और गुमसुम रहता था. परिजनों को अंदेशा नहीं था कि विनेश इतना बड़ा कदम उठा लेगा.
घर में पहले से ही थी परेशानी
जानकारी के अनुसार, मृतक का परिवार पहले से ही मुश्किल दौर से गुजर रहा था. विनेश का बड़ा भाई ऊंचाई से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है. घर पर विनेश अपनी मां लक्ष्मी देवी के साथ था, जबकि पिता अस्पताल और घर के बीच भागदौड़ कर रहे थे. इसी बीच गुरुवार को विनेश ने घर के पास ही एक पेड़ पर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली.
गांव में फैली सनसनी, पुलिस ने शुरू की जांच
सुबह जब ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटका देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही सदर थाना एसआई रमेशचंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतरवाया और डूंगरपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. फिलहाल पुलिस विनेश के अवसाद (डिप्रेशन) के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है.

