Headlines

डूंगरपुर: बेकाबू एम्बुलेंस ने खड़ी कारों को मारी टक्कर, लेकव्यू होटल के पास मची अफरा-तफरी

डूंगरपुर शहर के व्यस्ततम इलाके बस स्टैंड के पास लेकव्यू होटल के सामने एक अनियंत्रित एम्बुलेंस ने जमकर कोहराम मचाया. मरीजों को लेकर अस्पताल जा रही एम्बुलेंस ने सड़क किनारे खड़ी दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, वहीं हादसे के तुरंत बाद एम्बुलेंस चालक मौके से फरार हो गया.

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात शहर में एक बिनौली (जुलूस) निकल रही थी, जिसके कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुकी हुई थी और कुछ कारें किनारे खड़ी थीं. इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही एक 108 एम्बुलेंस अचानक अनियंत्रित हो गई. चालक ने संतुलन खो दिया और एम्बुलेंस सीधे खड़ी कारों से जा भिड़ी.

कारों के उड़े परखच्चे, चालक हुआ फरार

टक्कर इतनी भीषण थी कि वहां खड़ी एक ऑल्टो कार का पिछला कांच चकनाचूर हो गया, जबकि दूसरी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया. हादसे के समय एम्बुलेंस में मरीज सवार थे, जो अस्पताल ले जाए जा रहे थे. टक्कर लगते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. भीड़ को अपनी ओर आता देख एम्बुलेंस चालक घबरा गया और चाबी वहीं छोड़कर मौके से भाग निकला.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची. पुलिस ने सबसे पहले संवेदनशीलता दिखाते हुए एम्बुलेंस में फंसे मरीजों को दूसरे वाहन की सहायता से तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया. इसके बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों और एम्बुलेंस को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करवाया गया.

पुलिस ने बताया कि एम्बुलेंस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है. गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना जुलूस की भीड़ के कारण बड़ा हादसा हो सकता था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *