Headlines

डूंगरपुर: कलेक्टरी मार्ग पर सिरफिरे का तांडव, पत्थर मारकर 5 कारों के कांच फोड़े; वकीलों के वाहन भी निशाना

डूंगरपुर. शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण कलेक्टरी मार्ग पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सिरफिरे युवक ने सरेराह उत्पात मचाना शुरू कर दिया. युवक ने हाथ में पत्थर लेकर सड़क किनारे खड़ी और गुजर रही कारों पर हमला कर दिया. महज कुछ ही मिनटों में युवक ने एक के बाद एक 5 लग्जरी कारों के कांच पत्थर मारकर चकनाचूर कर दिए.

वकीलों की कारों को पहुंचाया भारी नुकसान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक बेहद आक्रोश में था और बिना किसी वजह के वाहनों को निशाना बना रहा था. क्षतिग्रस्त हुए वाहनों में से 3 कारें वकीलों की बताई जा रही हैं, जो अदालती कामकाज के सिलसिले में वहां पार्क की गई थीं. अचानक हुई इस पत्थरबाजी से सड़क पर चल रहे राहगीरों और वाहन चालकों में डर का माहौल पैदा हो गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-बधिर भागने लगे.

लोगों ने पीछा कर जिला जेल के पास दबोचा

युवक का उत्पात देख स्थानीय दुकानदारों और वकीलों ने शोर मचाना शुरू किया और उसे पकड़ने के लिए दौड़ पड़े. युवक पत्थर बरसाते हुए जिला जेल की ओर भागा, लेकिन भीड़ ने उसे जेल के सामने ही चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई.

पुलिस जांच में जुटी, वाहन स्वामियों में रोष

इस घटना को लेकर वाहन स्वामियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. वकीलों ने कलेक्टरी जैसे सुरक्षा वाले क्षेत्र में इस तरह की घटना होने पर नाराजगी जाहिर की है. पुलिस फिलहाल युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक है या उसने किसी रंजिश या नशे के प्रभाव में इस वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों की रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *