डूंगरपुर मानवता की सेवा और सामाजिक उत्थान के संकल्प के साथ रविवार को डूंगरपुर में दाऊदी बोहरा समाज द्वारा एक विशेष खाद्य वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह आयोजन समाज के 53वें धर्मगुरु डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब के 83वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में वैश्विक पहल ‘प्रोजेक्ट राइज’ के तहत किया गया.
शहर के बोहरा वाडी क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ‘जीरो हंगर’ यानी कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए, के संदेश को धरातल पर उतारना रहा.
दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
सुबह 11 बजे आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर अंकित कुमार और पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार उपस्थित रहे। साथ ही, विशिष्ट अतिथि के तौर पर पूर्व भाजपा मंत्री सुशील कटारा, पूर्व राज्य मंत्री असरार अहमद और शेख मोइज शेख इब्राहिम मान ने शिरकत की. बोहरा समाज के प्रतिनिधियों ने अतिथियों का पारंपरिक तरीके से गुलदस्ता भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया.
500 जरूरतमंद परिवारों को मिली राहत
समाज के प्रतिनिधि हुसेनी लोखनवाला ने जानकारी देते हुए बताया कि सैयदना साहब की प्रेरणा से संचालित ‘प्रोजेक्ट राइज’ के माध्यम से करीब 500 जरूरतमंद परिवारों को फूड पैकेट वितरित किए गए हैं. इन किट्स में दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री जैसे चावल, दाल, चाय, नमक और अन्य खाद्य वस्तुएं शामिल की गई थीं, ताकि गरीब परिवारों को संबल मिल सके.
अतिथियों ने की सेवा कार्य की सराहना
जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने बोहरा समाज के इस परोपकारी कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज की यह पहल अन्य वर्गों के लिए भी प्रेरणादायक है. पूर्व मंत्री सुशील कटारा ने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और बोहरा समाज हमेशा से ही राष्ट्र निर्माण और सामाजिक एकता में अग्रणी रहा है.
इस दौरान समाज के गणमान्य नागरिक, युवा और स्वयंसेवक उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी व्यवस्था को सुचारू रूप से संभाला. कार्यक्रम के अंत में सभी ने सैयदना साहब की लंबी उम्र और देश में खुशहाली की दुआ की.

