Headlines

डूंगरपुर: दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, कॉलेज जा रहा युवक गंभीर रूप से घायल

राजस्थान के डूंगरपुर जिले के चारवाड़ा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया. मोरा डूंगरी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.

कैसे हुआ हादसा?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारवाड़ा निवासी राकेश (20) पुत्र कांतिलाल अहारी मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपनी बाइक लेकर कॉलेज के लिए निकला था. जैसे ही वह मोरा डूंगरी के पास पहुँचा, सामने से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राकेश सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं.

108 एम्बुलेंस ने पहुँचाई तत्काल मदद

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तुरंत एम्बुलेंस सेवा को दी गई. सूचना मिलते ही ईएमटी (EMT) वाडीलाल खांट और पायलट प्रवीण कटारा एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुँचे. टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल राकेश को प्राथमिक उपचार दिया और तुरंत नजदीकी गैंजी अस्पताल पहुँचाया.

जिला अस्पताल रेफर, उपचार जारी

गैंजी अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल युवक जिला अस्पताल में उपचाराधीन है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *