राजस्थान के डूंगरपुर जिले में नेशनल हाईवे पर पत्थरबाजी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. खेरवाड़ा हाईवे पर अज्ञात बदमाशों द्वारा किए गए पथराव में एक जिप चालक और उसका मासूम पोता गंभीर रूप से घायल हो गए. गनीमत रही कि हादसे के वक्त जीप में सवार अन्य यात्री सुरक्षित रहे.
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, जिले के आमझरा (बौखला) निवासी कचरा पुत्र लालू हंगात गुरुवार शाम करीब 7 बजे अपनी जिप लेकर घोड़ी गांव से सवारियां भरकर आमझरा की ओर जा रहे थे. जब वह खेरवाड़ा हाईवे के सर्विस रोड पर पहुंचे, तभी अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने अचानक उनकी गाड़ी पर पत्थरों से हमला कर दिया.
हादसे में दादा-पोता हुए लहूलुहान
पत्थर सीधे चालक कचरा को लगा, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई. हमले के वक्त कचरा का छोटा पोता पुष्पेंद्र उनकी बगल में ही बैठा था. पत्थर लगने से जिप का कांच टूट गया, जिसके टुकड़े मासूम पुष्पेंद्र को जा लगे और वह भी लहूलुहान हो गया. चालक को चोट लगने के कारण जिप अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक दीवार से जा टकराई. टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. हालांकि, जीप में बैठी अन्य सवारियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई.
अस्पताल में उपचार जारी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खेरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. चिकित्सकों के अनुसार, चालक कचरा के सिर पर गहरा घाव होने के कारण उन्हें चार टांके आए हैं. फिलहाल दोनों का उपचार जारी है.
कानूनी कार्रवाई का इंतजार
हैरानी की बात यह है कि हाईवे पर हुई इस खतरनाक घटना के बावजूद पीड़ित पक्ष ने अभी तक पुलिस में कोई औपचारिक प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं कराई है. स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

