Headlines

डूंगरपुर: होली की ‘गैर’ में मधुमक्खियों का हमला , 40 से अधिक लोग घायल, 8 की हालत गंभीर

राजस्थान के डूंगरपुर जिले में होली के उल्लास के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है. जिले के वाजेडा गांव में बुधवार को पारंपरिक ‘गैर’ नृत्य के दौरान अचानक मधुमक्खियों ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया।. इस हमले में 3 दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें से 2 बालिकाओं सहित 8 लोगों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

महुए के पेड़ से अचानक हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, वाजेडा गांव के होली चौक पर ग्रामीण पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ ‘गैर’ खेल रहे थे. इसी दौरान चौक पर स्थित एक विशाल महुए के पेड़ पर लगा मधुमक्खियों का छत्ता अचानक उखड़ गया. देखते ही देखते मधुमक्खियों के झुंड ने नाचते-गाते ग्रामीणों पर धावा बोल दिया. हमले के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

अस्पताल में मची अफरा-तफरी, 108 से पहुँचाया गया

मधुमक्खियों के इस हमले में करीब 40 से ज्यादा लोग घायल हुए. सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को डूंगरपुर जिला अस्पताल लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद मामूली रूप से घायल लोगों को छुट्टी दे दी गई, लेकिन गंभीर रूप से घायल बच्चों और बुजुर्गों को भर्ती कर लिया गया है.

अस्पताल में उपचाराधीन प्रमुख घायल: गंभीर घायलों में 3 वर्षीय बालक निहाल, 7 वर्षीय अंजलि सहित कांतिलाल, नरेश, मंगला, फूला, लेंबा, जीवतराम, अविनाश, सोमेश्वर और महेंद्र डामोर शामिल हैं. वर्तमान में इन सभी का जिला अस्पताल की विभिन्न यूनिट्स में इलाज जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *