डूंगरपुर जिले के माड़ेला उपली गांव में गुरुवार शाम एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. गांव के ही एक युवक ने आपसी विवाद के चलते एक अन्य युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पीछे से किया चाकू से वार
मिली जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार शाम करीब 7 बजे की है. माड़ेला उपली निवासी निलेश (पुत्र नाथु खराड़ी) का गांव के ही एक अन्य युवक के साथ किसी छोटी सी बात को लेकर विवाद हो गया था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहसबाजी इतनी बढ़ गई कि आरोपी युवक ने तैश में आकर निलेश पर पीछे से चाकू से हमला कर दिया. चाकू लगने से निलेश लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा.
जिला अस्पताल में उपचार जारी
वारदात के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण इकट्ठा हुए और घायल निलेश को तुरंत निजी वाहन की सहायता से डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका सघन उपचार किया जा रहा है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं. हमलावर वारदात के बाद से ही फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि आपसी रंजिश और विवाद के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

