डूंगरपुर जिले में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अख्तियार किया है. पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन पृथ्वी’ के तहत सरोदा पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध क्वार्टज पत्थर के खनन पर बड़ा प्रहार किया है.
मोजा रामपुर में पुलिस की रेड
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मोजा रामपुर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन की सूचना मिली थी. इस पर सरोदा थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी. कार्रवाई के दौरान मौके पर अवैध रूप से क्वार्टज पत्थर का खनन कर रही एक एलएनटी मशीन और पत्थरों से लदा एक डम्पर पाया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके से जब्त कर लिया.
एसपी मनीष कुमार के नेतृत्व में विशेष अभियान
जिले में खनिजों के अवैध दोहन, भंडारण और परिवहन को रोकने के लिए एसपी मनीष कुमार के निकट पर्यवेक्षण में विशेष अभियान चलाया जा रहा है.’ऑपरेशन पृथ्वी’ इसी कड़ी का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की चोरी रोकना और सरकारी राजस्व को होने वाले नुकसान को बचाना है. पुलिस की इस सक्रियता से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है.
खनन विभाग को सौंपी रिपोर्ट
पुलिस ने जब्त किए गए वाहनों और अवैध क्वार्टज पत्थर को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है. इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी और अग्रिम पेनल्टी व नियमानुसार कार्रवाई के लिए डूंगरपुर खनन विभाग (Mining Department) को सूचित कर दिया गया है. विभाग अब वाहन मालिकों और खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ भारी जुर्माना और केस दर्ज करने की तैयारी कर रहा है. सरोदा पुलिस और डीएसटी की इस संयुक्त कामयाबी ने यह साफ कर दिया है कि जिले में अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ पुलिस का यह ‘ऑपरेशन पृथ्वी’ आगे भी इसी तरह जारी रहेगा.

