Headlines

डूंगरपुर पुलिस का ऑपरेशन साइबर हंट: फेसबुक पर महिला बन 50 लाख लूटने वाला शातिर कपिल देव गिरफ्तार, एक पीड़ित से ही ऐंठे 23 लाख

राजस्थान में बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ डूंगरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. जिला पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन साइबर हंट’ के तहत पुलिस ने बाड़मेर से एक ऐसे शातिर ठग को दबोचा है, जो फेसबुक पर महिला बनकर लोगों को अपनी जाल में फंसाता था.

फेसबुक पर ‘हनीट्रैप’ का मायाजाल

पकड़ा गया आरोपी कपिल देव मेघवाल उर्फ बाबू (37) है, जो बाड़मेर का रहने वाला है. एसपी मनीष कुमार ने खुलासा किया कि आरोपी ‘आरती मीणा’ नाम से फर्जी फेसबुक आईडी चलाता था. वह सुंदर लड़कियों की तस्वीरें लगाकर अनजान लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था. जब कोई व्यक्ति उसके जाल में फंस जाता, तो वह खुद को महिला बताकर उनसे बात करना शुरू करता था.

महिला की आवाज में करता था बात

पुलिस के अनुसार, यह ठग इतना शातिर है कि फोन पर महिला की आवाज निकालकर बातचीत करता था, जिससे सामने वाले को कोई शक नहीं होता. बातों-बातों में वह लोगों को प्रेम जाल या मदद के बहाने झांसे में लेता और फिर उनसे ऑनलाइन रुपए ऐंठ लेता था.

50 लाख की ठगी, एक अकेले पीड़ित से ऐंठे 23.50 लाख

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी अब तक करीब 50 लाख रुपए की ठगी कर चुका है. हैरान करने वाली बात यह है कि इसने केवल एक पीड़ित व्यक्ति से ही किस्तों में 23.50 लाख रुपए हड़प लिए थे. ठगी की रकम का पता चलने के बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान किया और आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर उसे बाड़मेर से गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मामले

साइबर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी कपिल देव के खिलाफ पहले से भी तीन मामले दर्ज हैं. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके साथ इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं और उसने ठगी की रकम कहाँ निवेश की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *