राजस्थान के डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गैंजी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की निर्माणाधीन बिल्डिंग में एक प्रेमी-युगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बुधवार सुबह जब ग्रामीण स्कूल परिसर के पास पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर इलाके में सनसनी फैल गई. लोहे के सरियों के सहारे युवक और युवती के शव एक ही रस्सी के दो अलग-अलग छोर से लटके हुए पाए गए.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही चौरासी थाने के हेड कॉन्स्टेबल हजारीलाल गुर्जर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को नीचे उतरवाया और शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की. मृतक युवक की पहचान मनोज (22) पुत्र सुरेश खराड़ी, निवासी पाकरोन के रूप में हुई है. वहीं, मृतक युवती जिले के धम्बोला थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचित कर शवों को मोर्चरी भिजवाया है.
शादीशुदा था युवक,पत्नी से चल रहा था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक मनोज पहले से शादीशुदा था और उसकी एक छोटी बेटी भी है. मनोज मजदूरी का काम करता था, लेकिन उसका किसी दूसरी युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी बात को लेकर घर में अक्सर क्लेश रहता था. परिजनों के अनुसार, 1 फरवरी को मनोज अपनी पत्नी से झगड़ा करने के बाद घर से निकल गया था. काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिला, तो उसकी पत्नी ने मंगलवार, 17 फरवरी को चौरासी थाने में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. लेकिन रिपोर्ट दर्ज होने के ठीक अगले दिन मनोज का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया.
पुलिस जांच और स्थानीय स्थिति
चौरासी पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. युवक 18 दिनों से लापता था और अंततः उसने यह आत्मघाती कदम उठाया. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि युवती कब से लापता थी और वे दोनों स्कूल तक कैसे पहुंचे. फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सके. घटना के बाद से गैंजी और पाकरोन क्षेत्र में शोक की लहर है.

