डूंगरपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर मचे घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों और गोदामों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान नेताओं ने स्पष्ट किया कि जिले में रसोई गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए जनता को गुमराह कर रही है.
एजेंसियों और गोदामों का जमीनी निरीक्षण
भाजपा नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बंशीलाल कटारा, जिला महामंत्री मुकेश श्रीमाल, नगर अध्यक्ष नयन सुथार और पार्षद डायालाल पाटीदार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने शहर की लक्ष्मी गैस एजेंसी के साथ-साथ नवाडेरा स्थित इंडियन और एचपी गैस एजेंसियों का दौरा किया. नेताओं ने न केवल कार्यालयों में रिकॉर्ड खंगाला, बल्कि सीधे गैस गोदामों और आपूर्ति स्थलों पर जाकर ट्रकों में भरे सिलेंडरों की उपलब्धता की जानकारी भी ली.
उपभोक्ताओं से संवाद: बुकिंग में समस्या, आपूर्ति में नहीं
निरीक्षण के दौरान एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली. नेताओं ने जब ग्राहकों से बात की, तो सामने आया कि अधिकतर समस्या ऑनलाइन बुकिंग और तकनीकी कारणों से हो रही है. उपभोक्ताओं ने स्वीकार किया कि बुकिंग के बाद गैस की आपूर्ति में कोई बड़ी बाधा नहीं है. हालांकि, व्यावसायिक गैस (कमर्शियल सिलेंडर) की आपूर्ति में आंशिक समस्या की बात जरूर सामने आई है.
एजेंसी संचालकों का पक्ष
एजेंसी संचालकों ने भाजपा नेताओं को बताया कि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू है. रोजाना औसतन 350 सिलेंडरों से भरी दो गाड़ियां जिले में पहुंच रही हैं. संचालकों ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार हर पात्र उपभोक्ता को आवश्यकतानुसार सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं और स्टॉक की कोई कमी नहीं है.
कांग्रेस पर तीखा प्रहार
निरीक्षण के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता खाली या भरी टंकियां लेकर सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि असलियत में किल्लत जैसी कोई स्थिति नहीं है. नेताओं ने उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि डिलीवरी या आपूर्ति में कोई भी समस्या आती है, तो वे सीधे रसद विभाग या जिला प्रशासन को शिकायत दर्ज कराएं. साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई संचालक या बिचौलिया कालाबाजारी में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

