राजस्थान-गुजरात सीमा पर स्थित रतनपुर बॉर्डर पर बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है. पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत पुलिस ने एक कंटेनर से साढ़े पांच लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की है. तस्करों ने शराब छिपाने के लिए कंटेनर में गुप्त केबिन बना रखा था.
कंटेनर में मिला ‘सीक्रेट केबिन’
बिछीवाड़ा थानाधिकारी (CI) कैलाश सोनी ने बताया कि नेशनल हाईवे पर नाकेबंदी के दौरान मुखबिर से अवैध शराब तस्करी की सटीक सूचना मिली थी. पुलिस ने उदयपुर की ओर से आ रहे एक संदिग्ध कंटेनर को रुकवाया. प्रथम दृष्टया तलाशी लेने पर कंटेनर में चोको फ्लेक्स और कॉर्न फ्लेक्स के पैकेट भरे हुए थे, ताकि किसी को शक न हो.हालांकि, सूचना पुख्ता होने के कारण पुलिस ने सघन तलाशी जारी रखी. इस दौरान ड्राइवर की सीट के ऊपर केबिन की छत में एक गुप्त केबिन बना हुआ मिला. जब पुलिस ने इसे खोला, तो अंदर हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब के ढेर लगे थे.
UP का ड्राइवर गिरफ्तार, 44 कार्टन बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंटेनर से अवैध शराब के 44 कार्टन बरामद किए हैं. बाजार में इस शराब की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है. मौके से पुलिस ने कंटेनर चालक निजाम खान, निवासी उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर और अवैध शराब को आबकारी अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया है.
पूछताछ में जुट सकती है बड़ी जानकारियां
एसपी मनीष कुमार के नेतृत्व में चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब तस्करी की कमर तोड़ने के लिए कारगर साबित हो रहा है. गिरफ्तार आरोपी निजाम खान से पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह शराब कहाँ से लाई गई थी और गुजरात में इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था.

