डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-48 पर मंगलवार रात एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया. रतनपुर मोड़ के पास इथेनॉल केमिकल से भरा एक विशाल टैंकर अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया. टैंकर पलटते ही उसमें से ज्वलनशील केमिकल का रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आगजनी का बड़ा खतरा पैदा हो गया.
जामनगर जा रहा था टैंकर
जानकारी के अनुसार, टैंकर चालक ललित कुमार पाल उत्तर प्रदेश के बलिया से करीब 40 हजार लीटर इथेनॉल लेकर गुजरात के जामनगर की ओर जा रहा था. जैसे ही टैंकर बिछीवाड़ा के पास रतनपुर मोड़ पर पहुँचा, अचानक संतुलन बिगड़ने से वह पलट गया. हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित बताया जा रहा है.
केमिकल रिसाव से बढ़ा खतरा, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
टैंकर के पलटते ही उसमें बड़ा छेद हो गया, जिसके चलते अत्यधिक ज्वलनशील इथेनॉल सड़क पर बहने लगा. हवा में केमिकल की गंध फैलते ही आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए बिछीवाड़ा और रतनपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डूंगरपुर से फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया.
पुलिस और फायर टीम की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और सड़क पर बह रहे केमिकल पर पानी का भारी छिड़काव शुरू किया ताकि किसी भी प्रकार की चिंगारी से आग न लगे. पुलिस ने एहतियात के तौर पर हाईवे के एक हिस्से को कुछ समय के लिए बंद कर दिया. घंटों की मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से भारी-भरकम टैंकर को सड़क से हटाकर किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका.प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा होने से बच गया, अन्यथा हाईवे पर बड़ी तबाही मच सकती थी. पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.

