Headlines

डूंगरपुर: तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया. माइंस घाटी साबली के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बोलेरो जीप ने सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार एक 21 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल है.

शिशोद जाते समय हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, माण्डवा बियोला निवासी संजय (21) पुत्र हुरजी कलासुआ, अपने साथी विनोद पुत्र हिरालाल (निवासी मांडवा भैरा भाई) के साथ बाइक पर सवार होकर शिशोद की ओर जा रहा था. शनिवार शाम जब वे माइंस घाटी साबली के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो जीप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

मौके से फरार हुआ बोलेरो चालक

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार संजय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही बेहोश हो गया. वहीं, उसके साथी विनोद को भी चोटें आईं। हादसे के बाद मानवता को शर्मसार करते हुए बोलेरो चालक घायलों की मदद करने के बजाय अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया.

इलाज के दौरान तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई और एम्बुलेंस को सूचित किया गया. एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. संजय की हालत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया. हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिजनों ने बताया कि संजय के दाहिने पैर और एक हाथ में गंभीर चोटें आई थीं, जो उसकी मृत्यु का कारण बनीं.

पुलिस जांच में जुटी

बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है. मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *