Headlines

काकरादरा में युवक का संदिग्ध शव मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना क्षेत्र के काकरादरा गांव में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतक के परिजनों ने पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद के चलते हत्या कर शव फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है.

घर से निकला था पति, 100 मीटर दूर मिला शव

मृतक की पत्नी मगु डामोर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि रविवार दोपहर उसके पति रामचंद्र डामोर घर से निकले थे. कुछ देर बाद गांव में ‘होनी’ नामक व्यक्ति के घर के पास शोर सुनाई दिया. जब मगु अपने परिजनों के साथ वहां पहुंची, तो घर पर ताला लटका मिला. तलाश करने पर घर से महज 100 मीटर की दूरी पर रामचंद्र का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला.

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

परिजनों का दावा है कि उन्होंने मौके से कालू, रेखा और होनी सहित कुछ अन्य लोगों को भागते हुए देखा, लेकिन पूछने पर किसी ने जवाब नहीं दिया. पत्नी ने रिपोर्ट में बताया कि रामचंद्र जब घर से निकला था, तब उसके पास कुल्हाड़ी या चादर नहीं थी और वह चप्पल पहनकर गया था, जो शव के पास नहीं मिलीं. घटनास्थल के हालात हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं.

जमीनी विवाद की रंजिश

परिजनों के अनुसार, इस परिवार का लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर बीते 1 दिसंबर 2025 को गांव में एक समझौता भी हुआ था, लेकिन रंजिश खत्म नहीं हुई. आरोप है कि इसी विवाद के चलते सुनियोजित तरीके से रामचंद्र की जान ली गई है.

पुलिस कार्रवाई और FSL जांच

घटना की सूचना पर धंबोला थाना अधिकारी (CI) देवेंद्र देवल जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को सीमलवाड़ा मोर्चरी में रखवाया है. सोमवार को परिजनों ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया है और सभी संदिग्धों की तलाश जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *