Headlines

खाकी का ‘रंगीन’ जज्बा: सुरक्षा की जिम्मेदारी के बाद डूंगरपुर पुलिस ने मनाई होली, जवानों संग जमकर थिरके एसपी मनीष कुमार

डूंगरपुर ‘ड्यूटी फर्स्ट’ के संकल्प के साथ जिलेभर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के बाद, डूंगरपुर पुलिस ने अपनी थकान मिटाते हुए रिजर्व पुलिस लाइन में हर्षोल्लास के साथ होली का पर्व मनाया. आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद, गुरुवार को पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया.

जवानों ने एसपी को कंधों पर उठाया, ढोल की थाप पर थिरकी ‘खाकी’

होली के इस विशेष उत्सव में जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष कुमार खुद पुलिसकर्मियों के बीच पहुंचे. अपने मुखिया को अपने बीच पाकर जवानों का उत्साह दोगुना हो गया. जवानों ने बड़े उत्साह के साथ एसपी मनीष कुमार को कंधों पर उठा लिया और होली की शुभकामनाएं दीं.

रिजर्व लाइन परिसर ढोल, नगाड़ों और पारंपरिक टूल-कुंडी की थाप से गूंज उठा. अनुशासन की बेड़ियों को किनारे रख, पुलिस अधिकारी और जवान जमकर थिरकते नजर आए. एसपी मनीष कुमार ने भी जवानों के साथ नृत्य कर उत्सव में नई ऊर्जा भर दी.

पुलिस परिवार ने बिखेरे खुशियों के रंग

इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश सांखला, जिले के विभिन्न थानों के थानाधिकारी, पुरुष जवान और महिला पुलिसकर्मी बड़ी संख्या में मौजूद रहे. फील्ड में सख्त दिखने वाली पुलिस का एक मानवीय और भावुक चेहरा यहाँ देखने को मिला, जहाँ रैंक का भेदभाव भूलकर सभी ने एक-दूसरे को रंगों से सराबोर कर दिया.

सुरक्षा के बाद सुकून के पल

एसपी मनीष कुमार ने इस मौके पर सभी पुलिसकर्मियों को होली की बधाई देते हुए उनके कठिन परिश्रम की सराहना की. उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय जब लोग अपने घरों में होते हैं, तब पुलिस सड़कों पर रहकर अपनी ड्यूटी निभाती है. ऐसे में यह उत्सव पुलिस परिवार के लिए आपसी जुड़ाव और तनाव कम करने का एक सुनहरा अवसर है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *