डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत नलवा फला धारिया गांव में एक 24 वर्षीय युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है. युवक ने अपने ही घर में साड़ी का फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली. घटना के समय युवक घर पर अकेला था. पिता के अनुसार, युवक पिछले कुछ समय से मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रहा था.
बकरियां चराकर लौटी पत्नी के उड़ गए होश
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक राजकुमार मनात (24) की पत्नी मुन्ना देवी बुधवार दोपहर को रोजाना की तरह बकरियां चराने के लिए जंगल गई थी. शाम को जब वह घर वापस लौटी, तो कमरे का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. राजकुमार घर की लकड़ी के पाट से साड़ी का फंदा बनाकर लटका हुआ था. पति को इस हालत में देख पत्नी की चीख निकल गई, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए.
पिता काम के सिलसिले में शहर गए हुए थे
मृतक के पिता नानूराम मनात ने बताया कि वह घटना के समय काम के सिलसिले में डूंगरपुर शहर गए हुए थे. सूचना मिलते ही वे तुरंत गांव पहुंचे. पिता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि राजकुमार मानसिक रूप से परेशान चल रहा था, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया.
पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम
सदर थाना एसआई रमेशचंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाया. शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहाँ गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए गहनता से जांच शुरू कर दी है.

