Headlines

नगर परिषद की लापरवाही: ‘शुद्ध’ पानी के नाम पर परोसी जा रही ‘काई’, वाटर वैन से दूषित सप्लाई पर भड़के लोग

डूंगरपुर शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के दावों के बीच नगर परिषद की बड़ी लापरवाही सामने आई है. डूंगरपुर नगर परिषद की वाटर वैन द्वारा घरों और दुकानों में सप्लाई किए जा रहे पानी में काई (Fungus) और गंदगी आने से लोगों में भारी आक्रोश है. दूषित पानी के सेवन से बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है.

वैन के टैंक से निकले काई के गुच्छे

नगर परिषद द्वारा शहर के दो मुख्य आरओ प्लांट से पानी भरकर वैन के जरिए वार्डों और कॉलोनियों में सप्लाई किया जाता है. शनिवार को जब एक वाटर वैन शास्त्री कॉलोनी मेन रोड पर पानी की सप्लाई कर रही थी, तब स्थानीय लोगों ने देखा कि कैन में पानी के साथ काई के बड़े-बड़े गुच्छे आ रहे हैं. पानी की गुणवत्ता देखकर मौके पर मौजूद लोग दंग रह गए.

सफाई के दावों की खुली पोल

स्थानीय व्यापारी लोकेश कलाल ने बताया कि वैन से आने वाला पानी इतना दूषित है कि उसमें साफ तौर पर काई देखी जा सकती है. इससे साफ जाहिर होता है कि वैन के कंटेनरों और स्टोरेज टैंक की लंबे समय से सफाई नहीं की गई है. लोगों ने वैन संचालक के सामने ही इस पर कड़ी आपत्ति जताई और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की.

बीमारियों का बढ़ा खतरा, सफाई की मांग

कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे शुद्ध पानी के लिए नगर परिषद की सेवा पर भरोसा करते हैं, लेकिन इस तरह का दूषित पानी लोगों को गंभीर रूप से बीमार कर सकता है. व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि नगर परिषद तुरंत इन वाटर वैन और आरओ प्लांट के टैंकों की वैज्ञानिक तरीके से सफाई सुनिश्चित करे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *