सागवाड़ा (डूंगरपुर) पाड़वा–कोकापुर मार्ग पर स्थित काली घाटी के पास रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक गहरी खाई में युवक का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान कोकापुर निवासी 25 वर्षीय तिलेश पाटीदार के रूप में हुई है. इस सनसनीखेज मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया.
दो दिन से लापता था युवक
मृतक तिलेश पाटीदार मुंबई में चाय की शॉप चलाता था और पिछले दो दिनों से अपने घर से लापता था. परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था. रविवार को काली घाटी के पास उसका शव मिलने की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.
आरोपी ने थाने पहुँचकर किया सरेंडर
घटना के संबंध में चौंकाने वाली जानकारी तब सामने आई जब दिनेश पाटीदार (पुत्र अमरजी पाटीदार), निवासी कोकापुर, देर रात खुद सागवाड़ा थाने पहुँचा. आरोपी दिनेश ने पुलिस के सामने सरेंडर करते हुए पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया. बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं. आरोपी के बयान के आधार पर ही पुलिस ने काली घाटी की खाई से शव को बरामद किया.
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता और हत्या की आशंका को देखते हुए उदयपुर से एफएसएल (FSL) की विशेष टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. सागवाड़ा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि हत्या के पीछे का मुख्य कारण क्या था? क्या यह आपसी रंजिश का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह रही है। थाना पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है.

