Headlines

उदयपुर: खेरवाड़ा में बदमाशों का दुस्साहस, सामान लेने निकले युवक पर धारदार हथियार और पत्थरों से हमला

उदयपुर जिले के खेरवाड़ा तहसील अंतर्गत गोहावाडा गांव में रविवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई है. घरेलू सामान लेने निकले दो दोस्तों पर 7 अज्ञात बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया. इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है.

रास्ते में घेरकर किया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोहावाडा निवासी संदीप (पुत्र रमेश गरासिया) रविवार शाम करीब 7 बजे अपने दोस्त अतुल के साथ बाइक पर सवार होकर गांव में ही घरेलू सामान खरीदने निकला था. अभी वे रास्ते में ही थे कि अचानक 7 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. बिना किसी बात के बदमाशों ने उन पर पत्थरों से हमला करना शुरू कर दिया.

सीने पर धारदार हथियार से वार

हमला इतना सुनियोजित और घातक था कि बाइक सवार दोनों युवक संभल भी नहीं पाए. प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, पथराव के बीच एक बदमाश ने संदीप के सीने पर धारदार हथियार से वार कर दिया. हमले के बाद संदीप लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. वारदात को अंजाम देकर सभी सातों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.

अस्पताल दर अस्पताल भटकना पड़ा

चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. संदीप की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत निजी वाहन से बावलवाडा अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया. डूंगरपुर में भी डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए और घाव गहरा होने के कारण उसे उच्च स्तरीय उपचार के लिए उदयपुर रेफर कर दिया है.

पुलिस जांच

इस घटना के बाद से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है. परिजनों ने बावलवाडा थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस अब बदमाशों की तलाश में जुट गई है. फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन जिस तरह से धारदार हथियारों का उपयोग किया गया, उससे मामला रंजिश का भी लग रहा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *