प्रतापगढ़ जिला कलक्टर शुभम चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DOIT) के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में संपर्क पोर्टल पर लंबित मामलों, ग्रामीण सेवा शिविरों और विभिन्न विभागीय मानकों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई.
संपर्क पोर्टल और जनसमस्याओं का हो गुणवत्तापूर्ण निस्तारण
बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि ‘राजस्थान संपर्क पोर्टल’ पर दर्ज प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और तथ्यात्मक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा:
“आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपस में बेहतर तालमेल बिठाकर कार्य करें ताकि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुँच सके.”
मौसमी बीमारियों और प्रमुख अभियानों की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान, हरियालो राजस्थान अभियान, ग्रामीण सेवा शिविर और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) से जुड़े प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई. मौसमी बीमारियों की रोकथाम और बचाव की तैयारियों पर चर्चा करते हुए कलक्टर ने स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए.
शिविरों में प्राप्त प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही
अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या ने ग्रामीण सेवा शिविरों की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविरों में आने वाले हर एक आवेदन पर त्वरित और नियमानुसार कार्यवाही की जाए, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे. इसके साथ ही सतर्कता (Vigilance) प्रकरणों को भी समय पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए.
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग, उपखंड अधिकारी (प्रतापगढ़) अश्विन मालू, टीएडी उपायुक्त नीता वसीटा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. टी. आर. आमेटा, महिला अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक नेहा माथुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे. वहीं, उपखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़े.

