Headlines

डूंगरपुर: जमीन विवाद में खूनी खेल! घर पर जमकर पथराव, मां-बेटी ने छुपकर बचाई जान, दहशत में बेटी हुई बेसुध

राजस्थान के डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के मालपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर पड़ोसी इस कदर हैवान बन गए कि एक घर पर पथराव कर भारी तांडव मचाया. इस हमले के दौरान घर में मौजूद मां और बेटी ने छुपकर किसी तरह अपनी जान बचाई. घटना की दहशत इतनी अधिक थी कि मासूम बेटी मौके पर ही बेसुध (बेहोश) हो गई, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सूने घर को बनाया निशाना

पीड़ित शिवलाल डामोर ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर गए थे. घर पर उनकी पत्नी गंगा डामोर और बेटी मल्लिका अकेली थीं. इसी दौरान पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर पड़ोसी रमेश के बेटे भरत कलासुआ और अन्य लोग उनके घर पहुंचे. आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर देखते ही देखते पथराव शुरू कर दिया.

खिड़कियों के शीशे टूटे, वाहनों को पहुंचाया नुकसान

हमलावरों ने पत्थरबाजी कर घर की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर कर दिए. आंगन में खड़ी कार और बाइक पर भी पत्थरों की बारिश की गई, जिससे वाहनों को काफी नुकसान पहुँचा है. बाहर हो रहे शोर-शराबे और पत्थरों की गूंज से घर के अंदर मौजूद मां-बेटी बुरी तरह सहम गईं. उन्होंने खुद को एक कमरे में बंद कर अपनी जान बचाई.

दहशत का मंजर: “हमला इतना अचानक और तेज था कि मल्लिका डर के मारे बेहोश हो गई. जब शिवलाल सूचना मिलने पर घर पहुंचे, तो उन्होंने तुरंत बेटी को डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसका उपचार जारी है.

पुलिस में मामला दर्ज

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सदर थाने में आरोपियों के खिलाफ लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने मौके का मुआयना किया है और टूटे हुए शीशों व क्षतिग्रस्त वाहनों के साक्ष्य जुटाए हैं.

सदर थाना पुलिस के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर पहले भी इनके बीच तनातनी की बात सामने आई है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में निगरानी बढ़ा दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *