Headlines

उदयपुर: कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप, सुरक्षा घेरे में कचहरी, डॉग स्क्वॉड ने चलाया सर्च ऑपरेशन

उदयपुर झीलों की नगरी उदयपुर में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब शहर के कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली. ईमेल के जरिए मिली इस धमकी के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही भारी पुलिस जाब्ता, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया.

परिसर को तुरंत कराया गया खाली

धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा की दृष्टि से जिला न्यायालय परिसर को तत्काल खाली करवाया गया. पुलिस ने एहतियात बरतते हुए वकीलों, न्यायिक कर्मचारियों और वहां मौजूद पक्षकारों को सुरक्षित बाहर निकाला. अचानक हुई इस कार्रवाई से परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और कुछ समय के लिए न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप रहा. पुलिस के आला अधिकारियों ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.

ईमेल में तमिलनाडु चुनाव का जिक्र

उदयपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र जैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कोर्ट को एक ईमेल प्राप्त हुआ था, जिसमें परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी. चौंकाने वाली बात यह है कि इस धमकी भरे मेल में तमिलनाडु चुनाव को लेकर भारी असंतोष और नाराजगी जाहिर की गई थी. इस इनपुट के बाद सुरक्षा एजेंसियां और भी सतर्क हो गई हैं और मामले को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है.

सर्च ऑपरेशन और जांच जारी

पुलिस की विशेष टीमों और डॉग स्क्वॉड ने कोर्ट के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली. पार्किंग से लेकर चैंबर्स और अदालती कमरों तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। हालांकि, शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है. साइबर सेल की टीम अब उस ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) और भेजने वाले के स्रोत की पहचान करने में जुटी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *