Headlines

प्रतापगढ़: अरनोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 ग्राम अवैध एमडी के साथ मंदसौर का तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त

राजस्थान में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत अरनोद थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान 12 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही तस्करी के काम में ली जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है.

नाकाबंदी देख भागने की कोशिश, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सिहाग और पुलिस उप अधीक्षक चंद्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई.

पुलिस टीम द्वारा अरनोद क्षेत्र के भावगढ़ फंटा सरहद वनपुरा में सघन नाकाबंदी की जा रही थी. इसी दौरान देवल्दी की ओर से आती एक हीरो मोटरसाइकिल दिखाई दी. नाकाबंदी देखकर बाइक सवार ने अचानक वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे धर दबोचा.

मध्य प्रदेश का रहने वाला है आरोपी

पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम मेहमूद खान (37), निवासी भावगढ़ (जिला मंदसौर, मध्य प्रदेश) बताया. पुलिस ने जब संदिग्ध लगने पर आरोपी की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 12 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन) बरामद हुई.

एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और परिवहन में प्रयुक्त बाइक को तुरंत जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. अरनोद थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है कि वह यह स्मैक/एमडी कहाँ से लाया था और किसे सप्लाई करने जा रहा था. इस कार्रवाई से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *