
राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने एनएच-48 पर नाकाबंदी के दौरान एक कंटेनर ट्रक को रोककर वॉशिंग मशीन के कार्टन के पीछे छिपाई गई 395 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. जब्त की गई चंडीगढ़ निर्मित शराब की बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर भीलवाड़ा निवासी चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
निकाय चुनावों के चलते नाकाबंदी में मिली सफलता
बिछीवाड़ा थानाधिकारी देवेंद्र देवल ने बताया कि आगामी निकाय चुनावों के मद्देनजर अवैध गतिविधियों और तस्करी पर लगाम कसने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान एसआई अब्दुल मुनाफ के नेतृत्व में रतनपुर सीमा पर सघन जांच की जा रही थी. तभी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उदयपुर से गुजरात की ओर जा रहे एक कंटेनर में इलेक्ट्रॉनिक सामान की आड़ में भारी मात्रा में शराब ले जाई जा रही है.
कागज मांगने पर पकड़ा गया झूठ
सूचना के आधार पर पुलिस ने गुजरात नंबर के टाटा कंटेनर को रुकवाकर चालक से पूछताछ की. चालक ने अपनी पहचान त्रिलोक सिंह रावत (27), निवासी बड़ी का बाड़िया (करेड़ा, भीलवाड़ा) के रूप में दी और बताया कि ट्रक में वॉशिंग मशीन भरी हुई हैं. हालांकि, जब पुलिस ने सामान की बिल्टी और दस्तावेज मांगे, तो चालक कोई कागज पेश नहीं कर सका.
वॉशिंग मशीन के बक्सों में भरे थे शराब के कार्टन
संदेह होने पर पुलिस टीम ने कंटेनर की तलाशी ली. जांच करने पर वॉशिंग मशीन के बक्सों के अंदर चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 395 कार्टन ठूंस-ठूंस कर भरे मिले। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर शराब व ट्रक जब्त कर लिया है और आरोपी चालक से तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ जारी है.

