डूंगरपुर जिले के वरदा थाना क्षेत्र अंतर्गत नाल फला गांव के पास नेशनल हाईवे 927ए के किनारे गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. हाईवे किनारे खाई में स्थित झाड़ियों के बीच से एक अज्ञात महिला का बेहद सड़ा-गला शव बरामद हुआ है. शव की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि मृतका की तात्कालिक रूप से पहचान कर पाना नामुमकिन हो गया है. झाड़ियों से उठती दुर्गंध के बाद ग्रामीणों को घटना का पता चला, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
सरपंच की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी तब सामने आई जब नाल फला के सरपंच कांतिलाल रात ने हाईवे किनारे लावारिस स्थिति में शव देखा. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना वरदा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही वरदा थानाधिकारी देवेंद्र सिंह पुलिस जाप्ते (जिसमें एएसआई प्रभुलाल, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह, यशपाल सिंह, लोकेन्द्र सिंह और वीरेन्द्र सिंह शामिल थे) के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए.
उच्च अधिकारी और एमओबी टीम मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए सागवाड़ा के डिप्टी हैरम जोशी और डूंगरपुर से एमओबी (मोबाइल फॉरेंसिक) टीम भी मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस के अनुसार शव कई दिन पुराना होने के कारण पूरी तरह गल चुका है. प्राथमिक दृष्टि से शव को देखकर लग रहा है कि महिला की मौत कुछ दिन पहले हुई होगी, लेकिन मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.
मोर्चरी में रखवाया गया शव, शिनाख्त के प्रयास तेज
पुलिस ने नाल फला सरपंच की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. शव को कब्जे में लेकर सागवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है. थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान के लिए आसपास के सभी थानों में गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं. साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं.

