राजस्थान में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेशभर में विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत आबकारी निरोधक दलों द्वारा राज्यभर में सघन नाकाबंदी, रेड और गश्त की कार्रवाई जारी है.
हिल्यूजन कैफे पर छापेमारी, प्रीमियम ब्रांड की बीयर बरामद
इसी कड़ी में उदयपुर में आबकारी अधिकारी विकास चारण के नेतृत्व में प्रहराधिकारी दौलत सिंह की टीम ने नाथावतों का गुड़ा स्थित ‘हिल्यूजन कैफे’ पर दबिश दी. बिना लाइसेंस चलाए जा रहे इस कैफे से प्रीमियम ब्रांड होगार्डन सहित कुल 102 बीयर जब्त की गई हैं. मौके से कैफे संचालक तेजेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि कैफे मालिक राही नागर की तलाश जारी है. कार्रवाई में होमगार्ड सुरेश की भी अहम भूमिका रही.
प्रदेशभर में 632 मामले दर्ज, 224 आरोपी गिरफ्तार
आबकारी विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 20 सितंबर तक चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान प्रदेशभर में 632 अभियोग दर्ज किए गए हैं और 224 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है.
कार्रवाई के दौरान जब्त और नष्ट की गई अवैध सामग्री का विवरण:

- देशी मदिरा: ₹4,21,746 कीमत की 1,533 लीटर.
- अंग्रेजी शराब (IMFL): ₹73,57,400 कीमत की 7,332 लीटर.
- बीयर: ₹89,898 कीमत की 413 लीटर.
- हथकड़ शराब व स्प्रिट: 4,811 लीटर हथकड़ शराब और 350 लीटर स्प्रिट.
- वाॅश नष्ट: 1,90,738 लीटर लहन/वाॅश को मौके पर नष्ट किया गया.
- वाहन जब्त: अवैध परिवहन में प्रयुक्त 1 बड़ा वाहन, 5 चार-पहिया और 22 दो-पहिया सहित कुल 28 वाहन जब्त किए गए.
अन्य जिलों में भी सख्त कार्रवाई
उदयपुर के अलावा नागौर में दबिश देकर 250 लीटर वाॅश नष्ट कर 65 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई. झालावाड़ में बाइक पर देशी मदिरा ले जाते आरोपी को गिरफ्तार किया गया, वहीं बांसवाड़ा में 950 लीटर वाॅश नष्ट कर 5 मामले दर्ज किए गए. विभाग अवैध शराब के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रखे हुए है.

