बांसवाड़ा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को बांसवाड़ा जिले के घाटोल क्षेत्र के दौरे पर रहे. एक सप्ताह के भीतर जिले का यह उनका दूसरा दौरा रहा. इस दौरान उन्होंने खमेरा स्थित प्रसिद्ध स्वयंभू प्रकट भाटिया महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और आगामी पंचायती राज चुनाव-2026 के मद्देनजर भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ सीधा संवाद कर चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया.
भाटिया महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना, किया पौधारोपण

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर खमेरा स्थित भाटिया महादेव मंदिर हेलीपैड पर उतरा, जहां पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. हेलीपैड से सीएम सीधे मंदिर पहुंचे और लगभग 20 मिनट तक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली व समृद्धि की कामना की. इसके बाद उन्होंने ‘हरियालो राजस्थान’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मंदिर परिसर में पौधारोपण भी किया.

जन-जन तक पहुंचाएं सरकारी योजनाएं: मुख्यमंत्री
पूजा-अर्चना के बाद आयोजित संवाद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आगामी पंचायती राज चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने का आह्वान किया. सीएम ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना पार्टी का मुख्य ध्येय है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने की अपील की.
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी, पूर्व सांसद मानशंकर निनामा, गढ़ी विधायक कैलाश मीणा, बांसवाड़ा सभापति मुकेश रावत और पूर्व मंत्री धनसिंह रावत सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे.

