डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के भेहड़ा गांव के पास एक भयानक सड़क हादसे में दो होनहार दोस्तों की अकाल मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. नवरात्रि पर्व पर छोटी बच्चियों के चेहरों पर मुस्कान लाने और उनके लिए गिफ्ट खरीदने शहर आए दो दोस्तों की जिंदगी को तेज रफ्तार के कहर ने पल भर में छीन लिया. इस हृदयविदारक घटना से पूरे कनबा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
गिफ्ट खरीदकर लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कनबा निवासी रितेश साद और उसका दोस्त किंचित प्रजापत नवरात्रि उत्सव के दौरान कन्या पूजन और बच्चियों को उपहार देने के लिए डूंगरपुर शहर आए थे. देर रात दोनों स्कूटी से वापस अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में भेहड़ा गांव के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक और उनकी स्कूटी में भीषण भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए.
हादसे में रितेश साद ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया, जबकि किंचित प्रजापत गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान किंचित की भी सांसें थम गईं. वहीं बाइक सवार घायल युवक का उपचार जारी है.
परिवार का इकलौता चिराग था रितेश
इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही कनबा गांव पहुंची, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. मृतक रितेश साद के पिता का पूर्व में ही निधन हो चुका था और वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था. उसकी तीन बहनें हैं, जिनकी जिम्मेदारी और परिवार का सहारा वही था. दोनों होनहार युवकों की अचानक हुई मौत से पूरे गांव में चूल्हे तक नहीं जले और गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

