Headlines

डूंगरपुर: बेटे की मौत के 4 दिन बाद घर में चोरी, लाखों के जेवरात और 1.50 लाख नकदी ले उड़े चोर

डूंगरपुर जिले के बीछीवाड़ा थाना क्षेत्र से एक दिल नहला देने वाली घटना सामने आई है. कनबा गांव में एक परिवार अभी अपने जवान बेटे की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि चोरों ने उनके सूने पड़े घर को निशाना बना लिया. बेटे के अंतिम संस्कार के महज चार दिन बाद हुई लाखों की चोरी की इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

सड़क हादसे में हुई थी बेटे की मौत

जानकारी के मुताबिक, कनबा निवासी रितेश साद की चार दिन पहले ही एक भीषण सड़क हादसे में अकाल मृत्यु हो गई थी. परिवार के मुखिया और रितेश के पिता की पिछले वर्ष ही बीमारी के कारण मौत हो चुकी थी. ऐसे में घर के एकमात्र सहारे रितेश की मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे और शोक में डूबा हुआ था. रिश्तेदार और ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे थे.

सूने घर का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम

शनिवार सुबह जब परिजन घर पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. घर के कमरे का सामान चारों तरफ बिखरा हुआ था और मुख्य अलमारी का ताला टूटा पड़ा था. चोरों ने दाखिल होने के लिए घर की खिड़की तोड़ी थी. अलमारी की छानबीन करने पर पता चला कि उसमें रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात और करीब 1.50 लाख रुपये की नकदी गायब थी.

नकली जेवरात रास्ते में फेंके, पुलिस जांच में जुटी

शातिर चोरों ने सिर्फ असली सोने और चांदी के आभूषणों पर ही हाथ साफ किया. पीड़ित परिवार के अनुसार, घर में रखे आर्टिफिशियल (नकली) जेवरात चोरों ने घर से कुछ दूरी पर फेंक दिए थे.

घटना की सूचना तुरंत बीछीवाड़ा थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए. परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है. एक ही परिवार पर लगातार टूटे दुखों के पहाड़ और इस शर्मनाक चोरी की घटना से पूरे कनबा गांव में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *