बांसवाड़ा आगामी नगर परिषद चुनावों को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए बांसवाड़ा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है. रविवार रात को पुलिस प्रशासन ने शहर के मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों में विशाल फ्लैग मार्च निकाला. जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देश पर निकाले गए इस फ्लैग मार्च के जरिए प्रशासन ने असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आला अधिकारियों के नेतृत्व में उतरा भारी पुलिस बल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह और पुलिस उप अधीक्षक रामकुमार के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में कोतवाली और राजतालाब थाना पुलिस के जवानों के अलावा यातायात पुलिस, चुनाव ड्यूटी में तैनात जाप्ता, पुलिस लाइन, क्यूआरटी (QRT) और एमबीसी (MBC) के जवान शामिल रहे. शहर के मुख्य बाजारों, व्यस्त चौराहों और संवेदनशील मोहल्लों से होकर गुजरे इस मार्च के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी ने आमजन को सुरक्षा का अहसास कराया.
असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर, खुफिया तंत्र अलर्ट
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से चुनाव के दौरान शांति, आपसी सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की. पुलिस प्रशासन का कहना है कि चुनावी माहौल में उपद्रव फैलाने या भय का माहौल पैदा करने की कोशिश करने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है.
किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है. साथ ही, संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के लिए रूपरेखा तैयार कर ली गई है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनावों के दौरान किसी भी नियम का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

