Headlines

प्रतापगढ़: अज्ञात पिकअप की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

प्रतापगढ़ जिले के बसाड़ चौराहे के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान मोखमपुरा निवासी 60 वर्षीय शाहबाज खान और उनके 25 वर्षीय पुत्र शोयब खान के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक बाबूलाल मुरारिया और शहर कोतवाल शंभूसिंह जिला अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

अज्ञात पिकअप ने पीछे से मारी टक्कर

शहर कोतवाल शंभूसिंह ने बताया कि शाहबाज खान अपने बेटे शोयब के साथ मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल प्रतापगढ़ जा रहे थे. इसी दौरान बसाड़ चौराहे से पहले पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में शाहबाज खान के सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, बाइक चला रहे शोयब को गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया.

परिजनों ने लगाया मारपीट और हत्या का आरोप

मामले में मृतक के बड़े भाई जावेद खान ने कोतवाली थाने में लिखित रिपोर्ट देकर घटना को महज दुर्घटना मानने से इनकार किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह जानबूझकर किया गया हमला था और दुर्घटना के बाद दोनों के साथ मारपीट भी की गई. जावेद खान ने गोरधनपुरा निवासी कुशाल खान पर संदेह जताया है. रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा था और करीब एक महीने पहले धमकी देने की शिकायत भी पुलिस में दर्ज कराई गई थी.

पुलिस ने शुरू की जांच

परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात पिकअप चालक सहित मामले के तमाम पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *