Headlines

प्रतापगढ़: छोटीसादड़ी में भीषण कार हादसा, पीड़ित ने पुलिस गाड़ी पर लगाया टक्कर का आरोप, पुलिस ने बताया निराधार

प्रतापगढ़ छोटीसादड़ी-नीमच मार्ग स्थित नाराणी बायपास पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक कार हादसा हो गया. इस हादसे में एक मासूम बच्चे समेत पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तत्काल छोटीसादड़ी के जयचंद मोहिल उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस से नीमच रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस और पीड़ित परिवार के बयानों में विरोधाभास देखने को मिल रहा है.

पीड़ित पक्ष का आरोप: ‘पुलिस की गाड़ी ने मारी पीछे से टक्कर’

पीड़ित शाहरुख मंसूरी ने आरोप लगाया कि वह अपने परिवार के साथ कार से जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक पुलिस वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी. शाहरुख का दावा है कि पुलिस वाहन में चार पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में सवार थे।.परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद उन्हें सीधा नीमच ले जाने के बजाय दूसरे रास्ते से घुमाकर छोटीसादड़ी अस्पताल पहुंचाया गया. पीड़ित पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी पुलिसकर्मियों के मेडिकल जांच की मांग की है.

पुलिस का पक्ष: ‘संदिग्ध वाहन को रोकने पर हुआ हादसा’

दूसरी ओर, छोटीसादड़ी थानाधिकारी कैलाशचंद्र सोनी ने पीड़ित पक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने बताया कि कार संदिग्ध प्रतीत हो रही थी, जिसे रोकने का प्रयास किया गया था. लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे तेज गति से भगा दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर फिसल गई. थानाधिकारी ने साफ किया कि पुलिस वाहन द्वारा टक्कर मारने की बात पूरी तरह निराधार है और एहतियातन ड्यूटी पर मौजूद सभी पुलिसकर्मियों का मेडिकल परीक्षण भी करवाया जा चुका है.

घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें पुलिसकर्मी घायल बच्चे को घटनास्थल से ले जाते दिख रहे हैं. फिलहाल दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं. पुलिस प्रशासन का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *