Headlines

प्रतापगढ़: केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन: प्रदर्शन के दौरान युवक के रेनकोट में लगी आग, टला बड़ा हादसा

प्रतापगढ़ भीम आर्मी और बहुजन समाज के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर सर्किल पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया. हालांकि, पुतला दहन के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पेट्रोल से आग लगाते समय एक युवक का रेनकोट भी सुलग उठा.

पेट्रोल छिड़कते समय सुलगा रेनकोट

प्रदर्शन के दौरान करीब 15 से 20 कार्यकर्ता अंबेडकर सर्किल पर एकत्र हुए थे और नारेबाजी कर रहे थे. पुतला दहन के समय एक कार्यकर्ता, जिसने बारिश से बचने के लिए रेनकोट पहन रखा था, पुतले पर हाथ में बोतल लेकर पेट्रोल छिड़क रहा था. जैसे ही पुतले में आग लगाई गई, लपटों ने बोतल और युवक के रेनकोट को भी अपनी चपेट में ले लिया.

साथियों की सतर्कता से टली अनहोनी

अचानक रेनकोट में आग पकड़ते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, वहां मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने तुरंत मुस्तैदी और समझदारी दिखाई. सहयोगियों ने आनन-फानन में युवक का जलता हुआ रेनकोट शरीर से बाहर निकलवा दिया, जिससे आग ज्यादा फैल नहीं सकी और स्थिति पर काबू पा लिया गया. गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी झुलसा नहीं और एक बड़ा हादसा टल गया.

प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

पुतला दहन के इस घटनाक्रम के बाद सभी प्रदर्शनकारी जुलूस के रूप में मिनी सचिवालय पहुंचे. कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के जल्द निस्तारण की मांग की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *