प्रतापगढ़ छोटी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के बरखेड़ा-रंभावली मार्ग पर सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराई गई पुलिया की मरम्मत पहली ही तेज बारिश में धरी की धरी रह गई. पुलिया के बह जाने से पिछले तीन दिनों से राजस्थान और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद है. इसके कारण दोनों राज्यों के ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
गुणवत्ता पर उठे सवाल, जांच की मांग
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया और तकनीकी मानकों की पूरी तरह अनदेखी की गई. बरखेड़ा सरपंच भूरालाल मीणा ने बताया कि यदि पुलिया में बड़े पाइप लगाए जाते, तो यह हादसा नहीं होता. इस मार्ग से भारी वाहन गुजरते हैं और दो नालों का पानी बहता है. ग्रामीणों ने पहले भी मजबूत पुलिया निर्माण की मांग की थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई.
आरएलपी कार्यकर्ता और किसान नेता विकास जाट ने मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में हुई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
विभाग ने ठेकेदार को थमाया नोटिस
मामले पर पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता दयाराम मीणा ने बताया कि वार्षिक मरम्मत योजना के तहत ₹32 लाख की स्वीकृति और ₹20 लाख के वर्क ऑर्डर से रिपेयरिंग का काम कराया गया था. चूंकि कार्य अभी ठेकेदार की गारंटी अवधि (Defect Liability Period) में है, इसलिए संवेदक को नोटिस जारी कर दिया गया है. मौसम सही रहने पर अगले सात दिनों में मरम्मत कराकर यातायात बहाल कर दिया जाएगा.
वहीं, उपखंड अधिकारी यतेंद्र पोरवाल ने बताया कि जयपुर में आधिकारिक बैठक में होने के कारण मामले की विस्तृत जानकारी विभाग से ली जा रही है.

