Headlines

उदयपुर: SP की खुली चेतावनी: ‘कुछ काम नहीं करते फिर भी है खूब पैसा, तो हमें बताएं, पुलिस करेगी हिसाब’

उदयपुर की जिला पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. अमृता दुहन ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. गोगुंदा दौरे के दौरान पंचायत समिति सभागार में आयोजित सीएलजी बैठक में एसपी ने जनता से सीधा संवाद किया और अपराध मुक्त समाज के लिए एक अनोखी अपील की. उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति कुछ नहीं करता और फिर भी उसके पास खूब पैसा आ रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें.

मेरे व्हाट्सएप पर दें सूचना, नाम रहेगा गुप्त

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने अपना सरकारी (CUG) नंबर जनता के साथ साझा करते हुए कहा कि फोन करने के बजाय लोग इस पर सीधे व्हाट्सएप करें. उन्होंने विश्वास दिलाया कि, “इस नंबर का व्हाट्सएप मेरे खुद के मोबाइल में चलता है, जिसे मैं स्वयं चेक करती हूँ। सूचना देने वाले का नाम और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा.”

बेटियों को परेशान करने वालों की अब खैर नहीं

महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए एसपी ने कहा कि स्कूल-कॉलेज के पास बेटियों को परेशान करने वाले मजनू हो या सड़कों पर तेज बाइक चलाकर दहशत फैलाने वाले युवक, इनकी जानकारी बिना डरे पुलिस को दें. उन्होंने खास तौर पर उन लोगों की तरफ इशारा किया जो संदिग्ध रूप से धनवान हो रहे हैं. एसपी के अनुसार, “जो लोग कोई काम-धंधा नहीं करते लेकिन उनके पास अकूत संपत्ति आ रही है, वे निश्चित तौर पर किसी गलत गतिविधि में शामिल हो सकते हैं. पुलिस ऐसे लोगों की कुंडली खंगालेगी.”

थाने का निरीक्षण और लंबित मामलों की समीक्षा

इससे पहले, एसपी ने गोगुंदा थाने का औचक निरीक्षण किया, जहाँ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. उन्होंने थाने के रिकॉर्ड और लंबे समय से लंबित मामलों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने चर्चित तुलसीराम प्रकरण के पीड़ित परिजनों और चाकूबाजी के शिकार शंकरलाल पालीवाल के परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया.

बैठक के अंत में उन्होंने गिर्वा सर्कल के छह थानों की क्राइम मीटिंग ली, जिसमें अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए. इस अवसर पर एसडीएम शुभम भैसारे, एडिशनल एसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *