Headlines

उदयपुर के MB हॉस्पिटल में हंगामा: ब्लड दिलाने के नाम पर 6500 रुपये ऐंठने वाले दलाल को रंगे हाथ पकड़ा, जमकर धुनाई के बाद पुलिस को सौंपा

उदयपुर शहर के सबसे बड़े आरएनटी (RNT) मेडिकल कॉलेज के महाराणा भूपाल (MB) राजकीय चिकित्सालय से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहाँ ब्लड बैंक में एक लाचार मरीज के परिजन को झांसा देकर अवैध रूप से पैसे वसूलने वाले एक दलाल को रंगे हाथ पकड़ा गया है. घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता सिद्धार्थ सोनी ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर दलाल की अस्पताल परिसर में ही जमकर धुनाई कर दी, जिससे मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया. बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया.

डूंगरपुर के पीड़ित से ऐंठे थे ₹6500

जानकारी के अनुसार, डूंगरपुर निवासी पीड़ित पंकज अहारी ने बताया कि उसकी पत्नी को दिल की बीमारी है और वह पिछले 4 दिनों से एमबी हॉस्पिटल के आईसीयू (ICU) में भर्ती है. डॉक्टरों ने मरीज के लिए तत्काल ब्लड की व्यवस्था करने को कहा था. परेशान पंकज जब ब्लड बैंक के चक्कर काट रहा था, तभी वहाँ घूम रहे दलाल रौनक साहू (निवासी आरके पुरम, सवीना) ने उससे संपर्क किया. रौनक ने ब्लड उपलब्ध कराने का झांसा देकर पंकज से 6500 रुपये ऐंठ लिए और अगले दिन 3 हजार रुपये और मांगने लगा.

प्लान बनाकर दलाल को रंगे हाथ दबोचा

इसी बीच इस पूरे फर्जीवाड़े की भनक कांग्रेस नेता सिद्धार्थ सोनी को लग गई। उन्होंने दलाल को रंगे हाथ पकड़ने के लिए एक योजना बनाई. योजना के तहत पीड़ित पंकज ने रौनक को फोन करके और पैसे देने के बहाने अस्पताल परिसर में बुलाया. जैसे ही आरोपी रौनक साहू पैसे लेने के लिए पहुंचा, वहाँ पहले से मौजूद सिद्धार्थ सोनी और उनके कार्यकर्ताओं ने उसे दबोच लिया. गुस्साए कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में ही उसकी जमकर धुनाई कर दी.

पैसे वापस दिलवाए, आरोपी गिरफ्तार

अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलते ही आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राहुल जैन और हाथीपोल थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी रौनक साहू को हिरासत में ले लिया और उसके परिजनों को भी सूचित किया. पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सख्ती के बाद आरोपी ने पीड़ित पंकज से ऐंठे गए 6500 रुपये तुरंत वापस लौटा दिए. पुलिस ने आबकारी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है कि अस्पताल में उसके साथ और कौन-कौन शामिल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *