Headlines

प्रतापगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस पर जागरूकता रैली और हस्ताक्षर अभियान का आयोजन

प्रतापगढ़, 12 जून 2026 अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर प्रतापगढ़ में बाल श्रम उन्मूलन और बाल अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, गायत्री सेवा संस्थान और चाइल्ड हेल्पलाइन के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस अधीक्षक कार्यालय से एक विशेष जागरूकता बाइक रैली, शपथ ग्रहण और हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया.

प्रशासनिक अधिकारियों ने दिलाया संकल्प

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश कुमार पंड्या, पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह और सहायक निदेशक (ICPS) उमेद अली सहित मानव तस्करी निरोधक इकाई के अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान अतिथियों ने उपस्थित जनसमूह को बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई और हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई. इसके बाद पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने जागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी.

कानूनी प्रावधानों और बाल सुरक्षा पर संवाद रैली के समापन के बाद हाउसिंग बोर्ड स्थित गायत्री सेवा संस्थान के सभागार में एक संगोष्ठी का आयोजन हुआ. संस्थान के जिला कार्यक्रम अधिकारी रामचंद्र मेघवाल ने किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 व 79 और बाल श्रम कराने वाले नियोक्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी. चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सत्यनारायण और दिव्या खटीक ने बाल संरक्षण तंत्र व शिक्षा के अधिकार पर प्रकाश डाला, जबकि अंबा लाल निनामा ने पोक्सो (POCSO) अधिनियम के प्रावधानों को समझाया.

कलेक्टर के समक्ष रखे जाएंगे बच्चों के सुझाव

कार्यक्रम के अंतिम चरण में बच्चों के साथ एक खुला संवाद सत्र आयोजित किया गया. इसमें बच्चों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को साझा किया. इन सभी बिंदुओं को लिखित रूप में संकलित कर जिला कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करने और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया. इस मौके पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पुलिस सुरक्षा सखियां और बाल मित्र उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *