डूंगरपुर शहर के जिला अस्पताल की आपातकालीन इकाई के बाहर से दो युवकों का अपहरण करने के सनसनीखेज मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे में बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने काकरादरा के जंगलों में दबिश देकर दोनों अपहृत युवकों को सुरक्षित मुक्त कराया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
अस्पताल के बाहर से किया था किडनैप
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात घायल कपिल जोशी अपने परिचित किरीट भोई के साथ उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे. इसी दौरान घात लगाए बैठे बदमाशों ने अस्पताल परिसर के बाहर से दोनों के साथ मारपीट की और जबरन कार में बैठाकर उनका अपहरण कर ले गए. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात को महिला से अफेयर के शक में अंजाम दिया गया था.
जंगल में निर्वस्त्र कर बना रहे थे वीडियो
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आई. पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही तकनीकी सूचनाओं और मोबाइल लोकेशन के आधार पर काकरादरा के घने जंगलों में दबिश दी. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी दोनों पीड़ित युवकों को निर्वस्त्र कर राजस्थानी गानों पर डांस करवा रहे थे और इसका वीडियो बना रहे थे.
दो गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर अर्जुन डामोर और टीना मीणा को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार जब्त कर ली है. घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है और फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है.

