उदयपुर जिला पुलिस इन दिनों अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है. इसी कड़ी में फलासिया थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब से भरी एक कार को जब्त किया है. पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा.
नाकाबंदी देख घबराए तस्कर
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल एवं डीएसपी विवेक सिंह के सुपरविजन में फलासिया पुलिस ने ढीकवास से गरणवास जाने वाले मार्ग पर विशेष नाकाबंदी की थी. इसी दौरान एक तेज रफ्तार संदिग्ध कार आती हुई दिखाई दी. पुलिस को सामने देख कार में सवार तस्कर घबरा गए.
एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
पुलिस ने जब कार को रुकवाया, तो चालक के पास वाली सीट (खलासी सीट) पर बैठा व्यक्ति अचानक कार से कूदकर जंगल की ओर भाग निकला. हालांकि, पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चालक को घेराबंदी कर दबोच लिया. पकड़े गए आरोपी की पहचान राजेन्द्र (32) पुत्र राजू पंडोर, निवासी डुबावाटो (थाना पाटिया, उदयपुर) के रूप में हुई है.
ब्रांडेड शराब का जखीरा बरामद
जब पुलिस ने जब्त कार की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने कार से:
- 192 बोतलें और 240 पव्वे बरामद किए.
- जब्त शराब में रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, मैजिक मोमेंट्स, बकार्डी लेमन और ऑफिसर्स चॉइस जैसे महंगे ब्रांड शामिल हैं.
आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज
एएसआई कालूलाल एवं टीम ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है. पुलिस ने राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि शराब कहाँ से लाई गई थी और कहाँ सप्लाई होनी थी. फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.

