Headlines

उदयपुर: गोगुंदा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, डिवाइडर फांदकर ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार; ड्राइवर अंदर फंसा, दो घायल

उदयपुर गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर खाखड़ी गांव के समीप बुधवार को एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर कूदते हुए दूसरी लेन में सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी. भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और ड्राइवर कार के भीतर ही बुरी तरह फंस गया.

रास्ता भटकने के कारण हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सेमटाल निवासी कैलाश नगारची और उदयपुर निवासी सुनील बाण कार से सेमटाल से किसी काम के सिलसिले में उदयपुर जा रहे थे. बताया जा रहा है कि रास्ते में वे रास्ता भटक गए और खाखड़ी की ओर निकल गए. कार की गति काफी तेज थी, जिसके कारण खाखड़ी पेट्रोल पंप के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई. अनियंत्रित कार डिवाइडर को पार कर दूसरी तरफ की लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई.

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से बाहर निकाला

हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई. कार का बोनट और ड्राइवर सीट वाला हिस्सा बुरी तरह पिचक जाने के कारण कैलाश नगारची इंजन और डैशबोर्ड के बीच फंस गया. मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने भारी मशक्कत और जुगाड़ की मदद से कार के हिस्सों को काटकर कैलाश को बाहर निकाला. हादसे की सूचना पर गोगुंदा थानाधिकारी श्यामसिंह चारण भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

गंभीर हालत में उदयपुर रेफर

दोनों घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद कैलाश नगारची की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे उदयपुर के महाराणा भूपाल (MB) अस्पताल रेफर कर दिया है. वहीं, सुनील बाण का इलाज गोगुंदा में जारी है.

हाईवे पर लगा जाम, पुलिस ने हटवाई कार

हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर किनारे करवाया और यातायात सुचारू किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *