राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. दाहोद मार्ग पर सुबह करीब 8 बजे सेंट पॉल स्कूल के बच्चों को ले जा रही एक वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में 10वीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 14 बच्चे घायल हो गए। घायलों में से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है.
16 वर्षीय छात्र की मौत, चीख-पुकार के बीच लोगों ने बचाया

हादसे में हयान वसानिया (16) के सिर में गंभीर चोट लगी थी. उसे लहुलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने सीपीआर भी दिया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. मृतक हयान बांसवाड़ा के माही सरोवर नगर निवासी आयुर्वेदिक डॉक्टर राजेश वसानिया का बेटा था.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और प्राइवेट वाहनों व एंबुलेंस के जरिए महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया.
7 बच्चे गंभीर रूप से घायल, एक उदयपुर रेफर
कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना. उन्होंने बताया कि हादसे में 7 बच्चों को ज्यादा चोटें आई हैं. गंभीर घायल छात्र रूद्र नेमा को बेहतर इलाज के लिए उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल रेफर किया गया है. दो बच्चों का इलाज बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है.
ड्राइवर डिटेन, स्कूल में एक दिन की छुट्टी
डीएसपी मनीष चारण ने बताया कि वैन चालक नितिन मनारिया (29) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. उधर, सेंट पॉल स्कूल प्रशासन ने घटना के बाद बुधवार को एक दिन के अवकाश की घोषणा की है. स्कूल के पीआरओ ने स्पष्ट किया कि वैन व्यक्तिगत स्तर पर परिजनों द्वारा लगाई गई थी, यह स्कूल का वाहन नहीं था.

