प्रतापगढ़ केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ मंगलवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरियावद के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया. क्षेत्र में गहराते बिजली-पानी के संकट, महंगाई और स्थानीय मुद्दों को लेकर सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया.
सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने निकाली आक्रोश रैली
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम पुरी ने बताया कि भीषण गर्मी के इस दौर में अघोषित बिजली कटौती और पीने के पानी की किल्लत से आम जनता त्रस्त है. सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक विशाल आक्रोश रैली निकाली. उपखंड कार्यालय के बाहर आयोजित सभा में वक्ताओं ने मंच के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की विफलताओं को उजागर किया.
11 सूत्री मांगों को लेकर घेरा उपखंड कार्यालय
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में न केवल बिजली-पानी का संकट गहराया है, बल्कि गैस सिलेंडर वितरण में देरी, मनरेगा में कम भुगतान और विभागों में भ्रष्टाचार चरम पर है. इसके अलावा पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी और धरियावद में उप जिला चिकित्सालय का भवन पूरी तरह तैयार होने के बावजूद अब तक इसका शुभारंभ नहीं होने को लेकर भी गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया. इन सभी स्थानीय और प्रदेश स्तरीय समस्याओं को शामिल करते हुए 11 सूत्री मांगों का एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी को सौंपा गया.
वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस बड़े विरोध-प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह राणावत, पूर्व विधायक नगराज मीणा, ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम पुरी, उप जिला प्रमुख सागरमल बोहरा, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष मदन सिंह राणावत, यूथ विधानसभा अध्यक्ष खानुराम मीणा, नाथूलाल मीणा, अनिल वक्तावत, हरीश मेघवाल, प्रदीप कोठारी और मुंशी भाई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

