Headlines

प्रतापगढ़: सीतामाता अभयारण्य क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, चाकू से हमला कर मासूम बच्ची की हत्या, एक घायल

प्रतापगढ़ जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सीतामाता अभयारण्य इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां शुक्रवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस खूनी हमले में एक मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है.

घर में घुसकर किया चाकू से हमला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना ग्राम पंचायत पाल के भोपा खेड़ा पाल गांव की है. शुक्रवार रात को पूरा परिवार सोया हुआ था, तभी अज्ञात बदमाश घर में दाखिल हुए. बदमाशों ने चाकू जैसे धारदार हथियार से वहां सो रहे लोगों पर हमला कर दिया. हमलावरों ने मासूम बच्ची को अपना निशाना बनाया, जिससे अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, बीच-बचाव करने आया मानकी उर्फ केशुराम गंभीर रूप से घायल हो गया.

चिल्लाने की आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीण, अस्पताल में भर्ती

चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा होते, आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल के रास्ते भाग निकले. ग्रामीणों ने तुरंत लहूलुहान हालत में मानकी उर्फ केशुराम को संभाला और निजी वाहनों की मदद से जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए आईसीयू में उपचार जारी है.

मौके पर पहुंची देवगढ़ पुलिस, साक्ष्य जुटाए

वारदात की सूचना मिलते ही देवगढ़ थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और एफएसएल (FSL) व डॉग स्क्वायड की मदद से मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने मृत बच्ची के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां शनिवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी.

अभयारण्य क्षेत्र में पहली बार ऐसी घटना, ग्रामीणों में रोष

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सीतामाता अभयारण्य के शांत इलाके में इस तरह की खूनी और नृशंस वारदात पहली बार सामने आई है. घटना की खबर फैलते ही सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर रोष जताया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है. पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *