Headlines

उदयपुर: दूध तलाई झील में युवक ने लगाई छलांग, नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम ने 15 मिनट में निकाला शव

उदयपुर लेक सिटी के घंटाघर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध दूध तलाई झील से इस वक्त की एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आ रही है. झील में गुरुवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति ने छलांग लगा दी, जिससे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई. शुक्रवार सुबह राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग की रेस्क्यू टीम ने कड़े संघर्ष के बाद महज 15 मिनट के भीतर शव को गहरे पानी से बाहर निकाल लिया है.

देर रात छलांग लगाते देखा, पुलिस को दी सूचना

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार रात्रि करीब 11:30 बजे की है. दूध तलाई झील के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति संदिग्ध हालत में घूम रहा था, जिसने अचानक झील के गहरे पानी में छलांग लगा दी. युवक को पानी में कूदते हुए वहां मौजूद दो अन्य राहगीरों ने देख लिया. उन्होंने बिना वक्त गंवाए तत्काल इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही घंटाघर थाना पुलिस और नागरिक सुरक्षा विभाग में हड़कंप मच गया.

अंधेरे के कारण रात को रोकना पड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन

पुलिस कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग, उदयपुर की रेस्क्यू टीम उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ के आदेश पर तुरंत साजो-सामान के साथ मौके के लिए रवाना हुई. टीम ने रात को ही मौके पर पहुंचकर ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन रात का समय होने और अत्यधिक अंधेरा होने के कारण पानी के भीतर कुछ भी देख पाना नामुमकिन था. सुरक्षा कारणों और दिक्कतों को देखते हुए रात को रेस्क्यू ऑपरेशन को अस्थाई रूप से रोकना पड़ा.

सुबह मात्र 15 मिनट में गोताखोरों ने निकाला शव

शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम दोबारा दूध तलाई झील पहुंची और पूरी मुस्तैदी के साथ पुनः रेस्क्यू ऑपरेशन प्रारंभ किया. टीम के जांबाज गोताखोरों ने पानी में उतरकर तलाश शुरू की और महज 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद अज्ञात व्यक्ति के शव को ढूंढ निकाला.

टीम ने शव को पानी से बाहर लाकर घंटाघर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है. इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में नागरिक सुरक्षा विभाग के सिपाही और गोताखोर रवि शर्मा, विजय नकवाल, कैलाश मेनारिया, गौरव बागोरा, भवानी शंकर वाल्मीकि तथा वाहन चालक प्रकाश राठौड़ की मुख्य भूमिका रही. फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्तगी के प्रयास कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *